टनकपुर/चंपावत। पिछले दिनों टनकपुर-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग पर ककरालीगेट व किरोड़ा पुल के निकट बाघ दिखाई देने तथा ग्राम पंचायत सैलानीगोठ क्षेत्र में उसकी गतिविधि बढ़ने की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा एवं निगरानी तेज कर दी है। इधर बाघ की मौजूदगी से आस-पास के क्षेत्रों में दहशत पैदा हो गई है।
शारदा रेंज टनकपुर की एसडीओ शालिनी जोशी ने बताया कि वन विभाग की ओर से प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतते हुए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वन्यजीवों की आवाजाही की संभावना वाले सीमावर्ती (फ्रिंज) क्षेत्रों के गांवों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से स्थानीय नागरिकों को बाघ की हालिया गतिविधियों के संबंध में जानकारी देते हुए सतर्क रहने, अकेले आवाजाही से बचने तथा अनावश्यक रूप से वन क्षेत्रों की ओर न जाने की अपील की जा रही है, ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावनाओं को कम किया जा सके। वन विभाग प्रभावित क्षेत्रों में दृश्यता बढ़ाने एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से झाड़ी कटान कर रहा है।
इसके अलावा संवेदनशील एवं प्रभावित स्थलों पर कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं। जिससे वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके। एसडीओ ने बताया कि किसी भी प्रकार के वन्यजीव गतिविधि की सूचना प्राप्त होने पर विभागीय टीमें मौके पर पहुंचकर जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित कर रही हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से बाघ दिखाई देने पर तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को देने की अपील की है। बता दें कि दो दिन पूर्व किरोड़ा पुल के पास लोगों को बाघ दिखाई दिया था। बाघ का वीडियो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित होने के बाद क्षेत्र में दहशत पैदा हो गई है। आबादी और सड़क के नजदीक बाघ की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग सतर्क हो गया है।
शहर के आसपास ग्रामीण क्षेत्रों से लगे जंगल की सीमा में झाड़ी कटान करते वन विभाग कर्मी।
