टनकपुर/चंपावत। उत्तराखंड परिवहन निगम के टनकपुर डिपो में बसों की कमी से हो रहीं दुश्वारियों का सामना न केवल यात्रियों को करना पड़ रहा है, बल्कि इससे डिपो की आमदनी भी प्रभावित हो रही है। डिपो को दीपावली पर्व के दौरान 10 नई बसें मिलने का दावा किया गया था जो हवाई साबित हुआ । दीपावली बीते लगभग 18 दिन का समय व्यतीत हो गया है, लेकिन डिपो को अभी भी बसों का इंतजार है। लोहाघाट और टनकपुर डिपो को नई बसें मिलने से परिवहन निगम के अधिकारियों को उम्मीद है कि अगले दो से तीन दिनों में टनकपुर डिपो की डिमांड भी पूरी हो जाएगी।
टनकपुर डिपो के बस बेड़े में वर्तमान में 108 बसें हैं जिनमें अधिकांश बसें पुरानी व खटारा हाल हैं,जबकि आवश्यकता 140 बसों की है। डिपो में बसों की कमी से पर्वतीय रूटों पर पर्याप्त बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। सभी परंपरागत रूटों पर संचालन के लिए 30 बसों की तात्कालिक आवश्यकता है। बसों की कमी से पर्वतीय रूट झूलाघाट,बेरीनाग,धारचूला चलने वाली बसों का संचालन लंबे समय से बंद है। एक दशक से डीडीहाट-बरेली,डीडीहाट,नैनीताल -भीमताल, बेरीनाग, झूलाघाट, नाचनी, भागीचौरा, रीठा साहिब आदि रूटों पर बसों का संचालन नहीं हो रहा है।
ऐसे हालातों में टनकपुर में ढाई सौ करोड़ से भी अधिक लागत से बनाए जा रहे आईएसबीटी को लेकर लोगों द्वारा तमाम तरह के सवाल खड़े किए जा रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र के विधायक और प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पहले टनकपुर डिपो में पर्याप्त बसें उपलब्ध करानी चाहिए थीं। टनकपुर डिपो के सहायक मंडलीय प्रबंधक सुरेश चंद्र पांडेय ने बताया कि पिथौरागढ़ और लोहाघाट डिपो को चार-चार नई बसें मिल गई हैं। उन्होंने अगले दो से तीन दिन में टनकपुर डिपो को 10 से 12 नई बसें मिल सकने की उम्मीद जताई हैं। इससे पूर्व डिपो को चार नई बसें मिल चुकी हैं।
टनकपुर को 30 बसों की सख्त जरूरतः
टनकपुर डिपो के सहायक मंडलीय प्रबंधक सुरेश चन्द्र पाण्डेय के मुताबिक टनकपुर डिपो को 30 नई बसों की सख्त जरूरत है। उन्होंने जल्द 10 से 12 बसें मिलने की उम्मीद जताई है। कहा कि नई बसें मिलने पर अधिकांश का संचालन पर्वतीय रूटों पर किया जाएगा।
