टनकपुर/चंपावत। वर्ष भर रोजगार उपलब्ध कराने, समान कार्य-समान वेतन और महंगाई भत्ते की मांग को लेकर पीआरडी जवानों का कार्य बहिष्कार गुरुवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान जवानों ने सभी तहसील मुख्यालयों में प्रदर्शन किया।
ब्लाक कमांडर चंपावत जीवन कापड़ी के नेतृत्व में जवानों ने जिला युवा कल्याण विभाग के परिसर में सरकार के विरूद्ध जोरदार प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने सरकार की सदबुद्धि के लिए भजन-कीर्तन किया। वक्ताओं ने कहा कि पीआरडी जवान विभिन्न सरकारी विभागों में सुरक्षा,वाहन संचालन और कंप्यूटर आपरेटर सहित अन्य जिम्मेदारियां निभा रहे हैं, लेकिन उन्हें वर्षभर रोजगार और नियमितकर्मचारियों के समान सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
कर्मचारियों ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी भी दी है। कार्यबहिष्कार के कारण विभिन्न विभागों के वाहन नहीं चल पाए, जिससे अधिकारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा, इससे विभागीय कार्यों पर भी असर पड़ा। प्रदर्शन में दर्जनों जवान शामिल रहे।
सरकार की सदबुद्धि के लिए भजन-कीर्तन करते कर्मचारी।
