टनकपुर/बनबसा/चम्पावत। इन दिनों बनबसा स्थित सैन्य स्टेशन क्षेत्र में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली के चौथे दिन गुरुवार को चम्पावत जिले की चम्पावत,श्री पूर्णागिरि वपाटी तहसील क्षेत्र के युवाओं ने प्रतिभाग किया।
प्रारंभिक दस्तावेजों की जांच के बाद 850 से अधिक अभ्यर्थियों को भर्ती स्थल में प्रवेश दिया गया।अभ्यर्थियों की दौड़ नौ बैचों में आयोजित की गई, जिसमें करीब 700 युवा सफल रहे। सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन के साथ शारीरिक एवं चिकित्सकीय परीक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है।पिछले दिनों दौड़ में सफल अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण भी जारी है।भर्ती रैली का आयोजन जोनल भर्ती कार्यालय (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अधीन सेना भर्ती कार्यालय पिथौरागढ़ की ओर से किया जा रहा है। भर्ती निदेशक कर्नल अमोल दबड़घाव की देखरेख में सेना के अधिकारियों और जवानों ने भर्ती प्रक्रिया की व्यवस्थाएं संभालीं।
सेना अधिकारियों के मुताबिक कल शुक्रवार 27 नवंबर को लोहाघाट और बाराकोट तहसीलों के अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी) अभ्यर्थी दौड़ में शामिल होंगे। इसके अलावा चम्पावत और पिथौरागढ़ जिलों के अग्निवीर टेक्निकल एवं ट्रेड्समैन श्रेणी के अभ्यर्थियों की भी दौड़ आयोजित की जाएगी।
बनबसा स्थित सैनिक छावनी में मौजूद युवा।
