टनकपुर/बनबसा/चंपावत। आज बनबसा के सैनिक छावनी परिसर में अग्निवीर भर्ती रैली के चौथे दिन बृहस्पतिवार को दौड़ के दौरान एकाएक पैर फिसल कर गिरने से एक अभ्यर्थी चोटिल हो गया। चोटिल को प्राथमिक उपचार के बाद आपातकालीन वाहन 108 द्वारा टनकपुर उप जिला अस्पताल लाया गया। जहां मौजूद चिकित्सक डाक्टर प्रिंस माहेश्वरी द्वारा जांच के बाद युवक के पांव के कूल्हे की हड्डी टूटना बताया गया। बहरहाल कूल्हे के ऑपरेशन की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक अग्निवीर भर्ती रैली में दौड़ के दौरान देवीधुरा के हिमांशु (20) पुत्र महा सिंह असंतुलित होने से एकाएक मैदान में लुढ़क गए। फिसलने पांव के कूल्हे की हड्डी टूट गई। आनन-फानन में हिमांशु को आपातकालीन वाहन 108 द्वारा टनकपुर उप जिला अस्पताल लाया गया। जहां मौजूद हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रिंस माहेश्वरी ने जांच के बाद कूल्हे का ऑपरेशन जरूरी बताया। ऑपरेशन से पूर्व अभ्यर्थी के परिजनों को सहमति के लिए बुलाया गया है। उनके टनकपुर पहुंचने पर सर्जरी किया जाएगा। आपरेशन थिएटर व जरूरी उपकरण नहीं होने पर ऑपरेशन सरकारी अस्पताल में होगा या किसी निजी अस्पताल में, अभी तय नहीं हो सका है। बहरहाल बड़े-बड़े सरकारी दावों के बीच एक बार फिर टनकपुर अस्पताल की व्यवस्थाएं सवालों के घेरे में है।
अस्पताल में हिमांशु से जानकारी लेते चिकित्सक।
