टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर नगर क्षेत्र की महिलाओं द्वारा भी उत्तराखंड सरकार की महत्वाकांक्षी बैणी-भुली योजना का लाभ दिए जाने की मांग उठाई गई है। नगर क्षेत्र टनकपुर के विभिन्न महिला समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा सीएम कैम्प कार्यालय पहुंच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित ज्ञापन विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार को सौंपा गया है।
ज्ञापन में महिलाओं ने उक्त योजना का दायरा बढ़ाकर नगर पालिका क्षेत्र की पात्र महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को भी इसमें शामिल करने की मांग कीहै।मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में महिलाओं का कहना है कि प्रदेश सरकार की बैणी-भुली योजना महिलाओं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में सराहनीय पहल है। कहा कि वर्तमान में योजना का लाभ मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के महिला समूहों को ही मिल रहा है, जबकि टनकपुर सहित अन्य शहरी क्षेत्रों की महिलाएं भी महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनका कहना है कि नगर क्षेत्र की पात्र महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को भी योजना से जोड़े जाने से उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। इस दौरान नैना देवी समूह की पूनम पडियार, खुशी आजीविका समूह की बबीता वर्मा और उर्मिला स्वयं सहायता समूह की अर्चना थापा सहित अन्य महिलाएं भी मौजूद रहीं।
सीएम कैम्प कार्यालय पहुंच ज्ञापन सौंपती समूह की महिलाएं।
