टनकपुर/बनबसा/चम्पावत। ऊर्जा, विकास और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में 52 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूरी करने पर एनएचपीसी के टनकपुर पावर स्टेशन में सोमवार को स्थापना दिवस समारोह बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर पूरा पावर स्टेशन परिसर उत्सव के रंगों में सराबोर नजर आया। सुबह से देर रात तक खेलकूद प्रतियोगिताओं,एनएचपीसी मेले, बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों और भव्य सांस्कृतिक संध्या की धूम रही। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय नागरिकों और एनएचपीसी परिवार के सदस्यों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर समारोह की शोभा बढाई।
उक्त समारोह का शुभारंभ पावर स्टेशन प्रमुख ऋषि रंजन आर्य तथा महाप्रबंधक (विद्युत) जावेद अंसारी ने किया जबकि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार रहे। अतिथियों का पारंपरिक स्वागत करने के उपरांत दीप प्रज्ज्वलन एवं ध्वजारोहण के साथ समारोह का विधिवत शुभारंभ राष्ट्रगीत और एनएचपीसी गीत की प्रस्तुति के साथ किया गया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ऋषि रंजन आर्य ने संस्थान की उपलब्धियों, कार्यप्रणाली और विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संस्थान की प्रगति में कर्मचारियों के समर्पण, परिश्रम और सामूहिक योगदान को महत्वपूर्ण बताया। मेले में विभिन्न आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जिनमें मनोरंजन, खानपान और विभिन्न गतिविधियों से जुड़े आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। खेलकूद एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं में कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर एनएचपीसी नर्सरी स्कूल और केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के गीत, नृत्य और रंगारंग कार्यक्रमों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए गए। देर शाम सांस्कृतिक रंगों और संगीत की शानदार प्रस्तुतियों के नाम रही। अतिथियों एवं पावर स्टेशन प्रमुख का स्वागत करने के बाद सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ हुआ। इस दौरान प्रसिद्ध 'सादक बैंड' ने अपनी संगीतमय प्रस्तुति से समां बांध दिया। इसके बाद 'Sherry The Singer' (HIMNAAD) की शानदार प्रस्तुति ने संगीत प्रेमियों को देर शाम तक झूमने पर मजबूर कर दिया। गीत-संगीत और रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच दर्शक देर रात तक कार्यक्रमों का आनंद लेते रहे।
एनएचपीसी टनकपुर पावर स्टेशन का 52वां स्थापना दिवस केवल एक संस्थान की वर्षगांठ का आयोजन नहीं, बल्कि ऊर्जा क्षेत्र में राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण, उपलब्धियों और सामूहिक सहभागिता का उत्सव बनकर सामने आया। अन्त में महाप्रबंधक (विद्युत) जावेद अंसारी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का विधिवत समापन हुआ।
ये रहे मौजूदः
समारोह में जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार,पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, ऊधम सिंह नगर के पुलिस अधीक्षक अजय गणपति,टनकपुर के उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, तहसीलदार पिंकी आर्य, दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, महिला प्रकोष्ठ मोर्चा की प्रदेश सह मीडिया प्रभारी सुनीता मुरारी, जिला पंचायत सदस्य सरोज चंद, मंडल अध्यक्ष कमलेश भट्ट, सांसद प्रतिनिधि संजय जोशी,मंडल उपाध्यक्ष विनीत जोशी, असिस्टेंट कमांडेंट राजेश कुमार, अमित जोशी, रामसिंह धौनी, सहित एनएचपीसी के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, उनके परिजन एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
स्थापना दिवस पर एनएचपीसी परिसर में मौजूद अधिकारी,कर्मचारी व अन्य।
