टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर शहर के आसपास के क्षेत्रों में आए दिन जंगली जानवरों की दस्तक से क्षेत्र के लोगों को चिंता में डाल दिया है। आए दिन आबादी क्षेत्र के आसपास तेंदुए व बाघ दिखाई देने से चिंतित लोगों द्वारा वन विभाग से उक्त क्षेत्र में गस्त बढाने की मांग की गई है।
टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर ककराली गेट के निकट बाघ की लगातार आवाजाही से लोगों की चिंता खासा बढ़ गई है। उक्त मार्ग पर पिछले एक-दो दिनों से बाघ दिखाई देने की सूचनाएं मिल रही हैं। मंगलवार को भी ककराली गेट से करीब एक किलोमीटर आगे सड़क पर बाघ दिखाई दिया। इस दौरान कार से गुजर रहे लोगों ने बाघ को सड़क पर घूमते हुए देखा और उसका वीडियो भी कैमरे में कैद किया।
क्षेत्र के लोगों के मुताबिक पिछले साल भी इसी क्षेत्र में बाघ की गतिविधियां देखी जाती रही हैं और बीच-बीच में उसकी मौजूदगी सामने आती रही है। ऐसे में शाम को रनिंग और वॉक करने वालों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ गई है खासकर जो रोजाना शाम के समय ककराली गेट से आगे इसी मार्ग पर रनिंग, वॉकिंग और एक्सरसाइज करने पहुंचते हैं। जंगल से सटे इस मार्ग पर बाघ की मौजूदगी उनके लिए जोखिम पैदा कर सकती है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्तबढ़ाने, बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने और लोगों को सतर्क करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि किसी अनहोनी का इंतजार किए बिना सुरक्षा के लिए समय रहते जरूरी कदम उठाए जाने चाहिए। वन विभाग की ओर से भी लोगों को सलाह दी जा रही है कि बाघ दिखाई देने पर वाहन से नीचे न उतरें, उसके नजदीक जाने या फोटो-वीडियो बनाने का जोखिम न उठाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
ककराली गेट क्षेत्र से कुछ दूर सड़क किनारे गुजर रहा बाघ।
