टनकपुर/चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच (राष्ट्रीय राजमार्ग) पर टनकपुर की ओर आ रही एक टैक्सी (यूके 03/ टीए-1034) का अमोड़ी के निकट अचानक ब्रेक फेल हो गया जिससे टैक्सी सड़क पर ही पलट गई। उक्त दुर्घटना में टैक्सी सवार 5 लोगों को चोट आई हैं,अलबत्ता चालक की सूझबूझ से बड़ा हादला होने से टल गया।
टैक्सी चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को खाई में गिरने से पहले ही सड़क किनारे पहाड़ी से टकरा दिया। चालक सूझ-बूझ से काम न लेता तो वाहन के गहरी खाई में गिरने से बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि हादसे में वाहन में सवार पांच यात्री चोटिल हो गए। मंगलवार की अपरान्ह हुए हादसे के बाद एनएच पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस बीच चंपावत से टनकपुर की ओर आ रहे पूर्व ब्लाक प्रमुख बहादुर सिंह फर्त्याल ने सभी घायलों को अपने वाहन से उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया। अस्पताल में सभी का उपचार चल रहा है जहां सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
दुर्घटनाग्रस्त टैक्सी वाहन को खड़ा करते लोग।
