टनकपुर/चंपावत। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कार्तिक पूर्णिमा पर शारदा घाट एवं बूम घाट क्षेत्र में मंगलवार की तड़के पर्व स्नान के लिए श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। भारी अव्यवस्थाओं के बीच दोपहर तक उत्तराखंड के अलावा पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश स्थित विभिन्न जनपदों से आए 30 हजार से अधिक श्रद्धालु पावन शारदा नदी में डुबकी लगा चुके थे। स्नान के बाद हवन पूजन के साथ ही गंगा मैया के जयकारों से वातावरण आध्यात्मिक रंग में सराबोर हो गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने कन्या भोज व भंडारे का भी आयोजन किया।
शारदा नदी से लगे थ्वालखेडा गांव के मैदान में पीलीभीत से आए श्रद्धालुओं द्वारा सोमवार की रात्रि से ही भजन कीर्तन शुरू कर दिया गया था। शारदा घाट क्षेत्र में स्नान हेतु पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए तैनात किया गया पुलिस बल काफी कम रहा। साथ ही पर्याप्त सफ़ाई कर्मचारी भी नहीं देखे गए। उधर मंगलवार को सुविख्यात मां पूर्णागिरि धाम में भी काफी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे जहां से लौटने के बाद नेपाल ब्रहमदेव मंडी स्थित सिद्धबाबा मंदिर में भी श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही। इधर शारदा घाट व यहां से कुछ ही दूर स्थित ग्राम खेतखेड़ा केआसपास प्रशासन द्वारा शौचालय की व्यवस्था न किए जाने के चलते श्रद्धालुओं को खुले में शौच करने को मजबूर होना पड़ा। इसके अलावा घाट क्षेत्र में कामचलाऊ चेंजिंग रूम भी नहीं बनाए गए जिस कारण खासकर महिला श्रद्धालुओं को खासी दिक्कतें झेलनी पड़ी।
लायंस क्लब ने लगाया भण्डाराः
टनकपुर/चंपावत। पवित्र पूर्णिमा पर्व पर दूर - दूर से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए जनसेवा को समर्पित स्थानीय लायंस क्लब द्वारा विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया था। जहां हजारों श्रद्धालुओं ने स्वादिष्ट खिचड़ी का आनंद लिया। इस दौरान कार्यक्रम संचालक लायन अंकित अग्रवाल, सह संचालक लायन अभिषेक गुप्ता, क्रांति मोहन सक्सेना,लायन पुनीत शारदा,लायन संजय अग्रवाल,गौरव अग्रवाल,दीपक शारदा,अध्यक्ष रचित मेहरोत्रा,दीपक जैन,वैभव अग्रवाल आदि लायन सदस्यों के साथ ही में नैना गुप्ता रूपम अग्रवाल सुधा शारदा शुभी अग्रवाल संध्या सक्सेना आदि महिलाओं द्वारा विशेष सहयोग प्रदान किया गया।
शारदा नदी में डुबकी लगाने पहुंचे श्रद्धालु व लायंस क्लब के भण्डारे में खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण करते लोग।
