टनकपुर/चंपावत। पिछले कुछ दिनों से टनकपुर शहर से लगी ग्राम पंचायत सैलानीगोठ व आसपास के क्षेत्रों में भी गुलदार की लगातार सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। उक्त क्षेत्र के वाशिंदों को शाम ढलते ही घरों में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। गुलदार की मौजूदगी से ग्रामीणों को अपने परिवार और मवेशियों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। इसका खासा असर लोगों की रोजमर्रा की दिनचर्या पर भी पड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे टनकपुर शहर से कुछ दूर स्थित ग्राम सभा सैलानीगोठ की नई बस्ती स्थित मंदिर परिसर में गुलदार की हलचल देखी गई। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में बकायदा गुलदार की गतिविधियां कैद हुई है। फुटेज सामने आने के बाद से ग्रामीणों में दहशत और बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार की लगातार सक्रियता के चलते लोग शाम होते ही घरों में दुबकने को मजबूर हो रहे हैं। कामकाज के सिलसिले में देर शाम अपने घरों को लौटने वाले ग्रामीणों को रास्ते में गुलदार के हमले का खतरा सता रहा है। वहीं, बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीण खासे चिन्तित हैं। इधर ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। साथ ही संबंधित विभाग से जल्द प्रभावी कार्रवाई कर ग्रामीणों को दहशत से राहत दिलाने की अपील भी की है।
सीसीटीवी में कैद गुलदार की चहलकदमी।
