टनकपुर/लोहाघाट/चंपावत। प्रयागराज में चलती ट्रेन से गिरने से लोहाघाट मीना बाजार के व्यापारी जगदीश खर्कवाल की मौत हो गई। खर्कवाल का शव प्रयागराज से 500 मीटर दूर रेलवे पटरी में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची प्रयागराज पुलिस ने जेब से मिले आधार कार्ड से मृतक की शिनाख्त कर लोहाघाट पुलिस से संपर्क कर सूचना दी।बताया कि खर्कवाल बागेश्वर धाम जा रहे थे।
प्रयागराज पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्ट्या लगता है कि सफर के दौरान जगदीश खर्कवाल चलती ट्रेन से नीचे गिर गए होंगे। अलबत्ता पुलिस घटना की जांच कर रही है। लोहाघाट पुलिस के मुताबिक आधार कार्ड में मिले पते के अनुसार प्रयागराज पुलिस ने लोहाघाट थाने में संपर्क किया। शव की शिनाख्त लोहाघाट के मीना बाजार निवासी जगदीश खर्कवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। इस वाकये से परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं व्यापारी जगदीश खर्कवाल के निधन से लोहाघाट क्षेत्र में व्यापारी समाज सहित विभिन्न संगठन शोकाकुल हैं। निधन पर क्षेत्र के व्यापारियों, जन प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दुख जताया है।
जगदीश खर्कवाल (फाइल फोटो)
