टनकपुर/लोहाघाट/चंपावत। लोहाघाट स्थित ग्राम पंचायत सुंई पऊ के डुंगरी तोक में गुलदार की दहशत थमने का नाम नहीं ले रही है। शनिवार शाम ग्रामीणों और गांव की बारात में शामिल होने आए मेहमानों ने शाम पांच बजे करीब डुंगरी गांव में गुलदार को चहल कदमी करते हुए देखा, जिससे उनमें खौफ पैदा हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ देर बाद ही गुलदार पातल नामक जंगल में दिखाई दिया। लगातार गुलदार की आवाजाही से ग्रामीणों को अपने जान-माल और मवेशियों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। मालूम हो कि बीते चार नवंबर को गुलदार ने डुंगरी गांव में 13 वर्षीय किशोर हर्षित को निवाला बना लिया था। वन विभाग ने घटना के 15वें दिन घटना स्थल से डेढ़ किमी की हवाई दूरी पर आइटीबीपी आवासीय परिसर छमनियां के पास एक गुलदार को ट्रेंकुलाइज किया था।
ग्रामाीणों का कहना है कि हमलावर गुलदार अभी भी गांव में घूम रहा है। इधर रेंजर रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है। गुलदार प्रभावित क्षेत्रों में लगाए गए पिंजरों का स्थान भी बदला जा रहा है, ताकि गुलदार को पकड़ने में सफलता मिल सके। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को क्षेत्र से एक गुलदार को ट्रेंकुलाइज किया गया था।
