टनकपुर/लोहाघाट/चंपावत। मानदेय बढ़ाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर लोहाघाट रैन-बसेरा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को भी जारी रहा। धरने पर बैठीं कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने की आवाज उठाई।
आंगनबाड़ी संगठन की जिलाध्यक्ष मीना बोहरा और कविता पंत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मासिक मानदेय बढ़ाकर 18 हजार रुपये करने तथा सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये की एकमुश्त धनराशि देने की मांग की। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रही है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं, इसके बावजूद उन्हें उचित मानदेय और सेवानिवृत्ति लाभ नहीं मिल पा रहे हैं।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक मांगों के संबंध में शासनादेश जारी नहीं किया जाता,तबतक उनका अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान रेखा खोलिया, आशा, कमला देवी, शर्मिला बोहरा, लता, सरस्वती, मीना बिष्ट, निर्मला, हीरा बोहरा, पुष्पा बोहरा, ईश्वरी देवी और मीनाक्षी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
लोहाघाट रैन-बसेरा में धरना प्रदर्शन के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता।
