टनकपुर/चंपावत। जनपद चंपावत के प्रवेश द्वार बनबसा से लगी भारत-नेपाल के बीच चलने वाली एक मैत्री बस को सीज किया गया है। आज एआरटीओ मनोज बगोड़िया और रोडवेज के प्रभारी एआरएम सुरेश पांडेय के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में ये कार्रवाई की गई है। दिल्ली से नेपाल के महेंद्रनगर जा रही यह मैत्री बस टैक्स जमा कराए बगैर संचालित हो रही थी। इसके अलावा एक आर्टिका कर को भी सीज किया गया है।
परिवहन विभाग के मुताबिक आज 20 नवंबर को चंपावत ऊधमसिंह नगर जिले की सीमा पर जगबुड़ा पुल के पास चलाए गए संयुक्त अभियान में इसके अलावा 20 अन्य वाहनों पर भी कार्रवाई की गई है। एआरएम सुरेश पांडेय ने बताया कि निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को वाहन में ले जाने पर इन सभी वाहनों का चालान किया गया है।
चेकिंग अभियान में ये रहे मौजूदः
अभियान में जूनियर स्टेशन इंचार्ज आनंद सिंह बिष्ट, जितेंद्र कुंवर, नीरज कुमार, महेंद्र पाल, रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के शाखा मंत्री पंकज पंत, प्रशासनिक शाखा के अध्यक्ष अशोक बोरा, नवीन कुंवर, करन नेगी भी शामिल थे।
जनपद चंपावत के प्रवेश द्वार बनबसा से लगे जगबुड़ा पुल के निकट चैकिंग अभियान चलाते अधिकारी।
