टनकपुर/लोहाघाट/चंपावत। पिछले एक पखवाड़े से भी अधिक समय से आतंक का पर्याय बने गुलदार को आंखिर वन विभाग की टीम ने लोहाघाट वन क्षेत्र से ट्रेंकुलाइज कर लिया है। वन क्षेत्राधिकारी आरसी जोशी ने बताया कि नैनीताल के वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. हिमांशु पांगती के नेतृत्व में 20 नवंबर की सुबह 5 बजे टीम को कामयाबी मिली। उन्होंने बताया कि गुलदार को गल्लागांव के पास ट्रैंकुलाइज किया गया जिसे अब रेस्क्यू सेंटर में ले जाया जाएगा। लेकिन इसे अल्मोड़ा, नैनीताल या किस सेंटर ले जाया जाएगा,अभी तय नहीं है। बहरहाल गुलदार के गिरफ्त में आने से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है।
ज्ञातव्य है कि गुलदार ने 4 नवंबर की रात सुई पऊ क्षेत्र में घर के पास से 13 वर्षीय हर्षित पुजारी को मौत के घाट उतार दिया था। तबसे उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व मे वन विभाग द्वारा क्षेत्र में गश्त, ट्रैप कैमरे, सीसीटीवी कैमरे,पिंजरे और ट्रैंकुलाइज करने वाली टीम तैनात की गई थी। आज घटना के 17 वें दिन प्रातः लोगों के लिए भी राहत भरी खबर आई। गुलदार को ट्रैंकुलाइज करने वाली वन विभाग की टीम में दरोगा अजय दीप टम्टा, वन रक्षक हिमांशु मोहन जोशी, अनीस, रोहित मेहता आदि शामिल थे। रेंजर आरसी जोशी ने बताया कि गुलदार के पकड़े जाने के बावजूद एहतियातन गश्त जारी रहेगी। लोगों से भी सजग रहने की अपील की गई है।
ट्रेंकुलाइज करने वाली वन विभाग की टीम।
