टनकपुर/चंपावत। जनपद चंपावत के दूरस्थ ग्राम पचनई ग्राम पंचायत में घास काटने के दौरान एक महिला अचानक खाई में लुढ़क गई। जब तक साथ के लोगों को पता चला उक्त खाई में लुढ़की महिला की मौत हो गई। एकाएक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पोस्टमाटर्म के लिए महिला का शव चंपावत ले जाया गया। आज 19 नवंबर को चंपावत में पोस्टमार्टम के बाद अपरान्ह ग्राम पचनई के स्थानीय श्मशान घाट में मृतका का अन्तिम संस्कार किया गया ।
टनकपुर से करीब 38 किमी दूर ग्राम पचनई के सामाजिक कार्यकर्ता रमेश सिंह ने बताया कि 18 नवंबर अपरान्ह रेवी देवी एक अन्य महिला के साथ घास काटने गई थी। इसी दौरान रेवी देवी (48) पत्नी केदार सिंह निवासी गौन पचनई का संतुलन बिगड़ा और वह पहाड़ से खाई में लुढ़क गई। दुर्घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। साथी महिला ने गांव के लोगों को दुर्घटना की जानकारी दी। भारी मशक्कत के बाद बमुश्किल ग्रामीणों ने खाई से शव निकाला। पोस्टमार्टम के लिए शव चंपावत मोर्चरी लाया गया। जानकारी के मुताबिक मृतका का पति केदार सिंह खेतीबाड़ी कर जीवन गुजर करते हैं। मृतका की दोनों बेटियों का विवाह हो चुका है। जबकि दोनों बेटे गोवा में काम करते हैं। उक्त घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है।
मृतका रेवी देवी (फाइल फोटो)
