टनकपुर/चंपावत। गत 14 नवंबर को जौलजीबी मेले के उद्घाटन के दौरान धारचूला के विधायक हरीश सिंह धामी एवं उनके समर्थकों द्वारा कथित रूप से मंच पर तोड़फोड़ एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग करने पर भाजयुमो ने टनकपुर कोतवाली गेट पर जोरदार प्रदर्शन कर हरीश धामी का पुतला दहन किया। इसके बाद मोर्चा द्वारा कोतवाल चेतन सिंह रावत को ज्ञापन सौंप संबंधित प्रकरण की जांच की मांग की गई।
आज गुरुवार को भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कोतवाली गेट पर एकत्र हो प्रदर्शन कर कहा कि विधायक हरीश धामी का व्यवहार निंदनीय, अशोभनीय एवं लोकतांत्रिक मर्यादाओं के प्रतिकूल है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में हर जनप्रतिनिधि को अपनी बात रखने, सरकार की आलोचना करने एवं जनता के मुद्दे उठाने का पूरा अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर मंच पर हंगामा, कर्मचारियों के साथ अभद्रता, सरकारी कार्य में व्यवधान पैदा करना अशोभनीय है। ज्ञापन में कार्यक्रम स्थल पर हुई तोड़फोड़,कर्मियों के साथ अभद्रता एवं सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के प्रकरण की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।
विरोध प्रदर्शन में ये रहे मौजूदः
विरोध प्रदर्शन में भाजयुमो जिलाध्यक्ष मुकेश जोशी, सुमित सिंह नायक,जतिन,सनी यादव,दीपक पांडेय, शैलेंद्र सिंह, मिलन सिंह, राजेंद्र सिंह, मनीष बिष्ट,नीतू बिष्ट,काजल, निर्मला महराना,अनुष्का शर्मा आदि शामिल थे।
टनकपुर कोतवाली गेट के सम्मुख विधायक धामी का पुतला फूंकते भाजयुमो कार्यकर्ता।
