टनकपुर/लोहाघाट/चम्पावत। इन दिनों कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा कुमाऊं के दौरे पर हैं। मंगलवार को टनकपुर में कार्यकर्ताओं संग बैठक के बाद बुधवार सुबह कांग्रेस प्रदेश प्रभारी एवं सांसद कुमारी सैलजा ने लोहाघाट के रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में भाजपा की धामी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रदेश की धामी सरकार को आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी सरकार ठहराते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और अब इसके सत्ता से जाने का वक्त आ गया है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी का हाथ मजबूत कर भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल करने का आह्वान किया।
भारी संख्या में जुटी भीड़ से गदगद प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि प्रदेश में बड़े-बड़े प्रोजेक्टों के नाम पर जनता की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग किया जा रहा है और जनता के पैसे से अपनी जेबें भरने का काम हो रहा है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि इन मामलों ने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। प्रदेश में करीब दो हजार विद्यालय बंद होने और बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस को इस बदलाव की आवाज बनना होगा।
जनसभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश को बचाने के लिए भाजपा सरकार को सत्ता से हटाना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार प्रदेश की जमीन और जंगलों को बेचने का काम कर रही है। वहीं उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने बेरोजगारी और पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि रोजगार की आस लगाए बैठे युवाओं को लगातार निराशा हाथ लग रही है और परीक्षाओं में बार-बार पेपर लीक होने से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष व चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए भाजपा सरकार पर मामले में कथित वीआईपी को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने इस प्रकरण को लेकर सरकार की भूमिका पर भी कई सवाल खड़े किए। सभा की अध्यक्षता कर रहे लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने अपने कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का ब्योरा जनता के सामने रखा और प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने धारचूला विधायक हरीश धामी की सराहना करते हुए उन्हें ‘बबर शेर’ करार दिया।साथ ही जनसभा में पहुंचे वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और जनता का आभार भी जताया। वक्ताओं ने पार्टी की मजबूती के लिए आपसी एकजुटता बनाए रखने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की।
जनसभा में ये रहे मौजूदः
कांग्रेस नेता प्रकाश सिंह मेहरा और भुवन चौबे के संयुक्त संचालन में हुई सभा के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल,रंजीत सिंह रावत,पूर्व जिलाध्यक्ष पूरन कठायत,भागीरथ भट्ट, विकास, मोहन सिंह ढेक, शैलेंद्र राय, विजय माहरा, प्रहलाद सिंह अधिकारी, महेश भट्ट, मनोज सामंत, अशोक सिंह माहरा, शंकर सिंह अधिकारी, सक्षम अधिकारी, डॉ. अमर सिंह कोटियाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभा के समापन के दौरान कुछ कांग्रेस नेताओं द्वारा जिनमें मुख्य रूप से शामिल मोहन सिंह ढेक द्वारा वर्तमान लोहाघाट कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा आगामी चुनाव में लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी को बदलने की मांग उठाई साथ ही ऐसा न होने पर विधायक खुशाल सिंह के खिलाफ पार्टी से बगावत कर स्वयं चुनाव लड़ने का अल्टीमेटम दे दिया गया है। जिसे लेकर लोहाघाट में खासी चर्चा हो रही हैं।
लोहाघाट में जनसभा के दौरान प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा व अन्य पार्टी नेताओं का स्वागत करते कांग्रेसजन व सभा में उमड़ी भीड़ का नजारा।
