टनकपुर/चंपावत। टनकपुर नगर पालिका द्वारा शहर क्षेत्र में अतिक्रमण, गंदगी और प्रतिबंधित पॉलीथिन के प्रयोग पर अंकुश लगाने को लेकर आज बुधवार को विशेष चैकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों एवं व्यवसायियों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 10,400 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
आज बुधवार दोपहर नगर पालिका की टीम ने रोडवेज स्थित सुलभ शौचालय की नालियों में गंदगी बहाने, मछली गली में साफ-सफाई के मानकों का उल्लंघन करने तथा मुख्य बाजार और सब्जी मंडी में पॉलीथिन का प्रयोग करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। इसके अलावा शहर की सड़कों और फुटपाथों पर अवैध रूप से फड़ एवं ठेले लगाने वाले संचालकों को भी निर्धारित व्यवस्था का पालन करने की हिदायत दी गई।
पालिका कर्मचारियों ने फड़ एवं ठेला संचालकों को फुटपाथ पर बनाई गई लाल पट्टी के पीछे ही दुकान लगाने को कहा गया। पालिका कर्मियों ने स्पष्ट किया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य सड़क पर यातायात को सुचारु बनाए रखना और राहगीरों को आवागमन में होने वाली परेशानी से बचाना है। अभियान के दौरान नगर के व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, कूड़ा खुले में नहीं फैलाने तथा नालियों में गंदगी नहीं डालने के निर्देश भी दिए गए।
अभियान के दौरान ये रहे मौजूदः
इस दौरान नगर पालिका परिषद टनकपुर के विनोद चन्द्र बिष्ट, बसन्त राज चन्द, अनुराधा यादव, प्रिया बिष्ट, शकुन सक्सेना, प्रमोद प्रकाश, प्रकाश नेगी, राम रतन, विशाल बाबू सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
शहर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाते पालिका कर्मचारी।
