टनकपुर/चंपावत। वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री,सांसद व उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने यहां कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड राज्य का बेड़ा गर्क कर दिया है। टनकपुर के कांंग्रेस कार्यालय में हुई पार्टी कार्यकर्ताओं की आज मंगलवार 17 नवंबर को हुई बैठक में उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है, राज्य की कानून व्यवस्था चरमरा गई है, भू-माफिया हावी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुटता के साथ चुनाव हेतु तैयारी करने का आह्वान करते हुए उन्होंने दावा किया कि इस बार प्रदेश के लोग भाजपा की सरकार को उखाडऩे जा रहे हैं। कांग्रेस चंपावत जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर परचम लहराएगी।
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने कहा कि अंकिता हत्याकांड में जिन लोगों का नाम आया है, भाजपा ने उन्हें राजभवन में भेज दिया है। भाजपा सरकार जनता की आवाज नहीं सुन रही है। बेराजगारी चरम पर है और गांवों से तेजी से पलायन हो रहा है। उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों के कई गांव खाली होकर भूतिया गांव बन गए हैं। कुमारी शैलजा ने मुख्यमंत्री पुकर सिंह धामी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री को उनके गृह क्षेत्र खटीमा में .जैसी पटखनी मिली थी, वैसी ही पटखनी इस बार चंपावत की जनता देने जा रही है।
विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता यशपाल आर्य ने कहा कि इस बार जनता ने कांग्रेस को राज्य की बागडोर देने का मन बना लिया है। उन्होंने सरकार पर बुल्डोजर चलाकर गरीबों का घर उजाडऩे का आरोप लगाया। विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने कहा कि भाजपा सरकार जल, जंगल, जमीन बेच रही है। लगातर पेपर लीक जैसी घटनाएं होने से युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। उत्तराखंड में जो भी कार्य हो रहे हैं, उन्हें बाहरी ठेकेदारों से कराया जा रहा है। चुनाव प्रचार कमेटी सदस्य करन मेहरा ने कहा कि प्रदेश की जनता ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का बदला लेने का मन बना लिया है। उन्होंने सरकार को भ्रष्टाचार में लिप्त बताया।
चंपावत के दो बार के पूर्व विधायक हमेश खर्कवाल ने दावा किया कि उनके कार्यकाल में चंपावत विधानसभा का जितना विकास हुआ है, उसका आधा भी मुख्यमंत्री नहीं कर पाए हैं। इस दौरान चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश सचिव सतीश पांडेय,नानकमत्ता विधायक गोपाल सिंह राणा, मनोज यादव, राजेंद्र पाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल,पूर्व जिलाध्यक्ष निर्मला गहतोड़ी, गणेश सामंत, दिग्विजय, नीरज पांडेय,नगर अध्यक्ष श्याम कुमार, विपिन जोशी आदि मौजूद थे।
