टनकपुर/चम्पावत। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर मां शारदा स्नान घाट पर श्रद्धा और उल्लास के साथ धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान व्रतियों एवं श्रद्धालुओं ने विधि- विधान से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम में एनएचपीसी टनकपुर पावर स्टेशन के परियोजना प्रमुख ऋषि रंजन आर्य ने मां शारदा एवं मां छठी की आरती कर विधिवत पूजा-अर्चना की। शारदा घाट में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो गए। लोग बांस से निर्मित कलसूप में रखी पूजन सामग्री एवं प्रसाद लिए नदी तट पर पहुंचे, तथा सूर्य के उदय होने तक पाठ-पूजा में लीन रहे। सूर्योदय होते ही श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के साथ उदय होते सूर्य को अर्घ्य चढ़ाकर परिवार व संतान की सुख समृद्धि के साथ स्वास्थ्य और सुंदर काया की मन्नत मांगी।महिलाओं के साथ पुरुषों ने भी अर्घ्य दिया। पंडित राम नारायण दास,आचार्य राजीव त्रिपाठी व मोहित त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोचार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। इस मौके पर पावर स्टेशन के परियोजना प्रमुख ऋषि रंजन आर्य, द्वारिका प्रसाद, संजू सिंह, मालती देवी, इंदु सिंह, प्रियंका सिंह, सुनीता गुप्ता, प्रवीण सिंह, कौशल्या देवी, सीमा मिश्रा, चंद्रिका प्रसाद, शंकर प्रसाद, तुषार मिश्रा, मनोज गुप्ता,देवेंद्र सिंह,हरिकेश गिरी आदि भक्त मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान घाट क्षेत्र में माहौल खासा भक्तिम बना रहा और छठी मैया के जयकारों से मां शारदा घाट गूंज उठा।
छठ पर्व के आंखिरी दिन सोमवार प्रातः शारदा घाट क्षेत्र में उगते सूर्य को अर्घ्य दे पूजा करते भक्तगण।
