टनकपुर/चंपावत। कल 16 नवंबर को प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के अवसर पर नवयोग सूर्योदय सेवा समिति टनकपुर एवं केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद आयुष मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में यहां नौवें प्राकृतिक चिकित्सा महाकुम्भ-2026 आयोजित किया जा रहा है। योग गुरु डा.नवदीप जोशी के मुताबिक 16 से 18 नवंबर तीन दिनों तक नवयोग प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग संस्थान टनकपुर में अंतरराष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग संगोष्ठी का उद्घाटन किया जाएगा।
उक्त कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डा. अशोक वार्ष्णेय उपस्थित रहेंगे। वहीं सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री व महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी तथा राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। डा. नवदीप जोशी ने बताया कि प्राकृतिक चिकित्सा हमारी प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा और वेद-शास्त्रों में निहित प्रकृति के पंचमहाभूतों - पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु एवं आकाश पर आधारित चिकित्सा पद्धति है। प्रकृति के इन तत्वों के समुचित उपयोग से शरीर को स्वस्थ रखने तथा स्वास्थ्य संवर्धन में सहायता मिलती है। उन्होंने बताया कि इस तीन दिवसीय महाकुंभ में देश-विदेश से आए प्रसिद्ध प्राकृतिक चिकित्सकों एवं योग विशेषज्ञ मौजूद लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य परामर्श तथा प्राकृतिक चिकित्सा की बारीकियां बताएंगे।
योग गुरु डा.नवदीप जोशी।
