टनकपुर/लोहाघाट/चंपावत। कांग्रेस ने पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके पूरन सिंह कठायत को लोहाघाट विधानसभा सीट के कांग्रेस के प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इसके अलावा मोहन सिंह डसीला को सह प्रभारी नामित किया गया है। मालूम हो कि आगामी 18 अक्टूबर को कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी शैलजा के लोहाघाट दौरे से पूर्व ये महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस मौके पर लोहाघाट के वर्तमान विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने प्रभारी और सह प्रभारी का स्वागत किया।कठायत ने कहा कि पार्टी को लोहाघाट सीट को लगातार दूसरी बार जीताने के लिए पूरी ताकत झोंकी जाएगी। बूथ स्तर पर मजबूती के अलावा पार्टी संगठन में एकजुटता और सक्रियता बढ़ाई जाएगी। अपने सम्बोधन में विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने कहा कि पूर्व जिलाध्यक्ष पूरन सिंह कठायत के लोहाघाट विधानसभा प्रभारी बनने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया जोश आ गया है। पार्टी को चुनाव में उनके अनुभव का लाभ मिलेगा।
पार्टी नेताओं ने बाद में प्रदेश प्रभारी की 18 अक्टूबर को लोहाघाट के रामलीला मैदान में होने वाली रैली की तैयारियों पर विचार मंथन किया। बैठक में भागीरथ भट्ट, प्रहलाद सिंह अधिकारी, शैलेंद्र राय, नवीन बगौली, चांद बोहरा, अमर कोटियाल, सुरेश ढेक, डॉ. महेश ढेक, प्रकाश महरा सहित अन्य नेताभी मौजूद रहे ।
लोहाघाट में जिला प्रभारी का स्वागत करते विधायक खुशाल सिंह अधिकारी व मंत्रणा करते कॉग्रेस जन ।
