टनकपुर/पूर्णागिरि/चंपावत। पूर्णागिरि में पिछले लम्बे समय से निर्माणाधीन रोप-वे प्रोजेक्ट में बाटनागाड़ क्षेत्र से अवैध रूप से भारी मात्रा में मलबा डालने एवं पेड़ों के अवैध रूप से कटान के आरोप लगाए गए हैं। उक्त आरोपों की जांच के लिए वन विभाग द्वारा समिति बनाई गई है। वन विभाग के मुताबिक शुरुआती जांच में आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि टनकपुर के ग्राम उचौलीगोठ निवासी एक ग्रामीण पंकज सिंह महर द्वारा पूर्णागिरि क्षेत्र में निर्माणाधीन रोप-वे प्रोजेक्ट में बाटनागाड़ से अवैध रूप से 400 से अधिक गाड़ी मलबा डालने एवं साल प्रजाति के कई हरे पेड़ों के अवैध कटान की वन विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई थी। ग्रामीण पंकज सिंह महर ने इसे लेकर 3 नवंबर को चंपावत के डीएफओ को शिकायती पत्र भेज नियमों को ताख पर रख बहुमूल्य वन संपदा की क्षति एवं पर्यावरण को नुकसान पहुंचने का आरोप भी लगाया गया था।
मामले की जांच के हुऎ हैंं आदेशः
उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि उक्त मामले की जांच के लिए 9 नवंबर को वन क्षेत्राधिकारी बूम गुलजार हुसैन ने 2 सदस्यीय (वन दरोगा महेश अधिकारी एवं मनोज चंद्र राय) जांच टीम बनाई थी। टीम के स्थलीय निरीक्षण में प्रारंभिक तौर पर न ही आरबीएम और नहीं वृक्षों का अवैध पातन पाया गया। अलबत्ता अब जांच टीम उक्त मामले के शिकायकर्ता के बयान दर्ज करेगी।
पूर्णागिरि में निर्माणाधीन रोप-वे क्षेत्र का नजारा जहां कथित तौर पर अवैध रूप से पेड़ों का कटान व मलबा डाला गया है।
