टनकपुर/चंपावत/पूर्णागिरि। दीपावली,भैया दूज पर्व संपन्न होने के साथ ही एक बार फिर से सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं का उमड़ना शुरू हो गया है। आज शुक्रवार को पूर्णागिरि क्षेत्र के प्रमुख व्यवसाई एवं सामाजिक कार्यकर्ता पंडित राजू तिवारी ने बताया कि धर्मशाला में श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क ठहरने की व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि आज 13 नवंबर को करीब 10 हजार तीर्थयात्रियों ने देवी दर्शन किए।
उन्होंने बताया कि खासी भीड़ होने से मुख्य मंदिर में दर्शनार्थियों की लंबी कतार लगी रहीं। जिस कारण श्रद्धालुओं को खासा इंतजार करना पड़ा। गौरतलब है कि नवरात्र के बाद से रात में दर्शन पर प्रतिबंध होने से इस वक्त सिर्फ दिन में ही देवी दर्शन हो रहे हैं। कालीगूंठ (पूर्णागिरि धाम) के ग्राम प्रधान पंडित पंकज तिवारी ने बताया कि धाम क्षेत्र में तीर्थ यात्रियों को सभी जरूरी सुविधाएं दी जा रही है। उन्होंने बताया कि इस साल पहली जनवरी से अब तक धाम में 26 लाख से अधिक श्रद्धालु देवी दर्शन कर चुके हैं।
उधर श्री मां पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित भुवन पांडेय के मुताबिक समिति श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में समिति सभी जरूरी व उचित कदम उठा रही है। पूर्णागिरि के दर्शनों के उपरांत टनकपुर स्थित शारदा घाट में भी हजारों श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाकर पूजा अर्चना की।
पूर्णागिरि दरबार में देवी के दर्शनों को कतार में खड़े भक्त गण।
