टनकपुर/लोहाघाट। लोहाघाट से लगे गुमदेश क्षेत्र के मौड़ा गांव में भैया दूज के पर्व पर मां भगवती की रथ यात्रा निकाली गई। ग्रामीणों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां भगवती का आह्वान किया। गांव से दुर्गम पहाड़ियों के रास्ते होते हुए रथ यात्रा मां भगवती मंदिर पहुंची। इस दौरान महिलाओं ने मंगल गीतों का गायन कर माहौल भक्तिमय बना दिया, जबकि युवाओं ने मां भगवती के जयकारे लगाए। महोत्सव समिति के अध्यक्ष केदार सिंह ने बताया कि देव डांगरों के अवतरित नहीं होने के कारण खाली रथ की परिक्रमा कराई गई। इसके बावजूद ग्रामीणों में देवी यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। यात्रा में ग्राम प्रधान दिलीप सिंह, योगेश किशोर, सचिन, रोशन लाल, राहुल कुमार, अमित कुमार, कुंदन सिंह, लोकराम, चंद्रराम सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
फोटोः रथयात्रा में मौजूद भक्तगण।
