टनकपुर/लोहाघाट/चंपावत। लोहाघाट रेंज के सुई-पऊ के डुंगरी क्षेत्र में 13 वर्षीय किशोर हर्षित पुजारी को निवाला बनाने वाले गुलदार का एक सप्ताह बीतने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों में गुलदार की मौजूदगी को लेकर भय बना हुआ है। वहीं वन विभाग की टीम गुलदार को पकड़ने के लिए लगातार गश्त और सर्च अभियान चला रही है।
गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्र में छह पिंजरे लगाए हैं। इसके अलावा गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 12 कैमरा ट्रैप और दो लाइव कैमरे भी लगाए गए हैं। विभाग की टीम लगातार जंगल और आसपास के क्षेत्रों में गश्त कर गुलदार की तलाश में जुटी हुई है। लेकिन गुलदार पिंजरे का आसपास नहीं फटक रहा है।
रेंजर रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि गुलदार प्रभावित क्षेत्र में लगाए गए पिंजरों को जरूरत के अनुसार शिफ्ट किया जा रहा है। चार दिन पूर्व गुलदार की लोकेशन पातल के जंगल में मिली थी, लेकिन इसके बाद उसकी कोई लोकेशन नहीं मिल पाई है। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर गुलदार की गतिविधियों पर नजर रख रही है। अभियान में वन विभाग के रोहित सिंह मेहता, हिमांशु ढेक ,भुवन सिंह, अजयदीप टम्टा और अनीश सहित अन्य कर्मचारी जुटे हुए हैं।
फोटोः पिंजरे का निरीक्षण करते वनकर्मी।
