टनकपुर/चंपावत। टनकपुर के साथ चंपावत जिले भर में भाई-बहन के आपसी प्यार व अपनत्व का पर्व भैया - दूज उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान बहनों ने-जी रया, जागी रया, झुलन फुलन होया... जैसे आशीष वचन के साथ च्यूड़ा और गुप्फा फूलों से भाइयों का सिर पूजा। बहनों ने भाइयों के दीर्घायु और खुशहाल जीवन की कामना की। भाइयों ने भी बहनों की रक्षा का संकल्प लिया। भैया - दूज पर्व को लेकर आज सुबह से ही क्षेत्र में खासा उत्साह था। बहनें सिर पूजन के लिए भाइयों के घर पहुंची।
मान्यता के अनुसार इस दिन यमुना ने अपने भाई यमराज को अपने घर बुलाकर आरती उतारी और भोजन कराया। इससे प्रसन्न होकर यम ने अपनी बहन को उपहार देने के साथ ही यह वरदान दिया कि इस दिन जो भाई अपनी बहन के घर जाकर उसे उपहार देगा और जो बहन भाई का स्वागत करेगी उन्हें कभी यमराज का भय नहीं सतायेगा। भैया दूज पर बहनों व भाइयों ने यम व यमुना की विशेष पूजा-अर्चना की। वही भाइयों ने बहनों को मनचाहा उपहार दिया। भैया दूज पर्व के मौके पर सरकारी के अलावा गैर सरकारी वाहनों में सुबह से ही खासी भीड़ देखी गई।
