टनकपुर/चंपावत। भारतीय जनचेतना परिषद टनकपुर द्वारा गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं टाउन एरिया व नोटिफाइड एरिया कमेटी के पूर्व चेयरमैन रहे स्वर्गीय चंदी प्रसाद की पुण्यतिथि पर प्रार्थना सभा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त अध्यापक पूरन लाल गंगवार ने स्वर्गीय चंदी प्रसाद के चित्र का अनावरण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार ने स्वर्गीय चंदी प्रसाद के जीवन और शहर के विकास में उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि शिक्षा के प्रचार-प्रसार और गरीब, मजदूर एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए उनके द्वारा किए गए कार्य अविस्मरणीय हैं। उन्होंने टाउन एरिया एवं नॉन-नोटिफाइड एरिया कमेटी के अध्यक्ष के रूप में नगरवासियों की सुविधाओं और विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक जागरूकता फैलाने और लोगों को शिक्षा से जोड़ने में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही। श्री कुमार ने कहा कि स्वर्गीय चंदी प्रसाद ने हमेशा गरीब, मजदूर और शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया। उनके कार्यों की गवाही आज भी नेहरू पार्क, महात्मा गांधी प्राथमिक विद्यालय,जल संस्थान परिसर,पुरानी पानी की टंकी, नगर के चौड़े फुटपाथ और शास्त्री पार्क जैसे विकास कार्य दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जन चेतना परिषद की ओर से स्वर्गीय चंदी प्रसाद की स्मृति में प्रतिवर्ष इस दिन को जन चेतना दिवस के रूप में मनाया जाता है।
कार्यक्रम में पूर्व पालिका सभासद भगवत सरन,पूर्णागिरि बार एसोसिएशन के संरक्षक विनोद प्रकाश एडवोकेट,पूर्व रोडवेज कर्मचारी नेता नवल किशोर,उपाध्यक्ष लघु व्यापार एसोसिएशन शिवकुमार और सुशील कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने स्वर्गीय चंदी प्रसाद द्वारा क्षेत्र के विकास में दिए गए योगदान को याद कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूदः
नारायण वाल्मीकि के संचालन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लाल बहादुर,उमा शंकर गंगवार, दीनानाथ गंगवार,फिरोज अंसारी,राजेश कुमार,फरद अली,रमेश निषाद,मुकेश कश्यप,मुरली मनोहर,अजय कुमार,संजय सक्सेना,अनिल यादव,अनूप सिंह यादव,सरदार मनमोहन सिंह,केदार दत्त जोशी,सौरभ गुप्ता,विमला यादव,संगीता, सपना और जमुना महर सहित अन्य लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
स्वर्गीय चन्द्री प्रसाद को श्रद्धांजलि अर्पित करते क्षेत्र के लोग।
