टनकपुर/चंपावत। दीपावली पर गत दिवस टनकपुर स्थित एक मिठाई की दुकान में मिठाई बनाने के दौरान एक कारीगर की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक पीलीभीत जिले का रहने वाला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
त्यौहारी सीजन के बीच दीपावली पर पीलीभीत जिले के होली चौराहा निवासी मंगल पांडेय (47) पुत्र ठाकुर दास टनकपुर के वृंदावन स्वीट्स में मिठाई बनाने हेतु कारीगरी पर आया हुआ था। गत रविवार दोपहर में अचानक काम करने के दौरान एकाएक उसके सीने में दर्द उठने पर उसे स्थानीय उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया, मगर वहां पहुंचने से पहले कारीगर की मौत हो गई। चिकित्सक ने जांच के उपरांत कारीगर मंगल पांडेय को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के मुताबिक मौत का कारण हृदय गति रुकना हो सकता है। सूचना पर पहुंची पुलिस द्वारा शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
