टनकपुर/चंपावत। गत दिवस रविवार को दिवाली की देर रात शहर क्षेत्र में हो रही आतिशबाजी के दौरान एक बुटीक से धुंआ निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते दुकान में आग लग गई। मौके पर पहुंचे लोगों के मुताबिक बुटीक की खिड़की से भीतर घुसे पटाखे के कारण दुकान में आग लग गई। आसपास के लोगों ने शटर तोड़कर जैसे तैसे आग पर काबू पाया। बुटीक स्वामी के मुताबिक आग लगने से शादी के लिए सिलाई के लिए रखे साड़ी, लहंगे समेत कई कपड़े जलकर राख हो गए। अग्निकांड में दुकान स्वामी को करीब 90 हजार रुपये के नुकसान होने का अनुमान है।
गत दीपावली रात्री टनकपुर डिग्री कॉलेज रोड स्थित सुनीता बुटीक की संचालिका सुमित्रा जोशी के मुताबिक रविवार को लक्ष्मी पूजन के बाद शाम करीब 6 बजे वह दुकान बंद कर घर चली गई थी। रात तकरीबन 10:30 बजे पड़ोसियों ने फोन कर दुकान में आग लगने की जानकारी दी। अनुमान के तहत बताया गया कि आसपास आतिशबाजी के दौरान संभवतः कोई पटाखा या राकेट दुकान की खुली खिड़की से अंदर घुस गया था। इस बीच मकान मालिक सनी नाथ सहित आसपास के लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह शटर तोड़ आग बुझाई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम द्वारा भी मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया गया। बुटीक संचालिका के अनुसार दुकान में शादी के लिए सिलाई को आए कई महंगे कपड़े भी जल कर राख हो गए। उन्होंने प्रशासन से नुकसान की भरपाई करने का अनुरोध किया है।
