टनकपुर/चंपावत। साइबर ठगों द्वारा शहर क्षेत्र के एक मीडिया कर्मी को अपना शिकार बना लिया गया। ठगी के शिकार पत्रकार विनोद पाल ने बताया कि पहले उनके मोबाइल फोन को हैक किया गया और फिर बैंक खाते से साइबर ठग ने 23 हजार रुपये उड़ा लिए हैं। जानकारी मिलने पर उन्होंंने ट्रॉल फ्री नंबर पर कॉल की, लेकिन नंबर लगा नहीं। पत्रकार द्वारा मामले की पुलिस साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई गई है।
पत्रकार विनोद पाल ने बताया कि 7 नवंबर को दोपहर 12 बजे के आसपास ये रकम उनके खाते से 5 किश्तों में गूगल पे से निकाली गई है। उन्होंने बताया कि 7 नवंबर की रात उन्होंने एक होटल का 100 रुपये का भुगतान क्यूआर कोड स्कैनर से किया। घर पहुंचने पर मोबाइल की डिसप्ले गायब हो गई। फोन को चार्ज में लगाया और सुबह रुपये डेबिट होने का मैसेज मिला। ये राशि 5 बार में (1 बार 3 हजार और 4 बार 5-5 हजार कुल 23 हजार) डेबिट हुई है। ये राशि गूगल प्ले रिचार्ज एप्लीकेशन में ट्रांसफर हुई। बाद में इस एप्लीकेशन से यह रकम साइबर ठग ने 8 नवंबर की तड़के करीब 3 बजे निकाल ली। इस पूरे फ्रॉड की जानकारी दिवाली के दिन 8 नवंबर की सुबह रुपये डेबिट होने के मैसेज से हुई। पाल ने बताया कि रविवार का अवकाश होने पर उन्होंने टॉल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज करानी चाही, लेकिन नंबर लगा नहीं।
पत्रकार विनोद पाल ने स्थानीय पुलिस से उनके खाते से उड़ा ली गई राशि वापस दिलाने के साथ ही साइबर फ्रॉड करने वाले पर कार्रवाई करने की मांग की है। इसे लेकर उन्होंने बकायदा साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है।
पत्रकार विनोद पाल।
