टनकपुर/चंपावत। आज शुक्रवार 6 नवंबर धनतेरस के दिन टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच (राष्ट्रीय राजमार्ग) पर एक बार फिर रोडवेज की बस ने दगा दिया। त्योहार के दिन अपने घर जा रहे 38 मुसाफिरों को मंजिल से करीब 125 किलोमीटर पहले आई बस की खराबी के कारण खासी फजीहत झेलनी पड़ी। टनकपुर से करीब 25 किमी दूर बीच मंझदार में फंसे यात्रियों को मार्ग में डेढ़ घंटे से अधिक देर तक इंतजार करना पड़ा। बाद में टनकपुर से भेजी गई बस से मुसाफिरों को आगे की ओर रवाना किया गया।
शुक्रवार सुबह पिथौरागढ़ डिपो की रोडवेज बस (यूके 07 पीए 4202) जो देहरादून से पिथौरागढ़ की ओर जा रही थी। पूर्वान्ह बस में एनएच पर टनकपुर से 25 किलोमीटर दूर खराबी आ गई। बस के चालक के मुताबिक बस का डीजल पाइप फट गया था। जिससे बस में सवार 38 यात्रियों को दुश्वारी झेलनी पड़ी। परिचालक द्बारा बस की खराबी की जानकारी पिथौरागढ़ डिपो के प्रबंधन को दी गई। जिसके बाद टनकपुर डिपो परिसर में खड़ी पिथौरागढ़ डिपो की बस से यात्रियों को मंजिल के लिए रवाना किया गया।
रोडवेज अधिकारी का बयानः
देहरादून से पिथौरागढ़ आ रही बस डीजल पाइप फटने से खराब हो गई थी। टनकपुर कार्यशाला से दूसरी बस को भेज यात्रियों को पिथौरागढ़ की ओर भेजा गया।
रविशेखर कापड़ी,
सहायक मंडलीय प्रबंधक,
रोडवेज, पिथौरागढ़।
मार्ग में खराब हालत में खड़ी रोडवेज बस।
