टनकपुर/चंपावत। टनकपुर की माँ पूर्णागिरि टैक्सी यूनियन के बैनर तले समस्त टैक्सी वाहन स्वामियों ने मंगलवार को उप संभागीय अधिकारी ऋशू तिवाड़ी टनकपुर को ज्ञापन सौंप कर वाहनों में जीपीएस लगाये जाने की अनिवार्यता को समाप्त करने की मांग की है।
यूनियन अध्यक्ष मदन कुमार ने ज्ञापन में बताया कि 2019 मॉडल से नीचे के टैक्सी वाहन जब फिटनेस सेंटर में फिटनेस के लिए जा रहे हैं तो उनकी फीस नहीं काटी जा रही है। सेंटर संचालकों द्वारा कहा जा रहा है कि सभी वाहनों में जीपीएस लगाना अनिवार्य है, तभी फिटनेस होगी। वहीं वाहन स्वामियों का कहना है कि आज तक उनके वाहनों की फिटनेस बिना जीपीएस के ही होती आई है। वर्तमान में टैक्सी व्यवसाय मंदी की मार झेल रहा है, ऐसे में जीपीएस का खर्च अतिरिक्त बोझ है, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
यूनियन ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की है कि पूर्व की भांति ही बिना जीपीएस के वाहनों की फिटनेस की प्रक्रिया जारी रखी जाए। ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष मदन कुमार,दीपक जोशी जगदीश सहित दर्जनों वाहन स्वामी मौजूद रहे।
टनकपुर में एआरटीओ को ज्ञापन सौंपते अध्यक्ष व अन्य।
