टनकपुर/चंपावत/पूर्णागिरि। उत्तर भारत के सुविख्यात मां श्री पूर्णागिरि धाम के नजदीक के गांव पोथ से कोटकेंद्री सेलागाड़ पूर्णागिरि मोटर मार्ग के निर्माण की कालीगूंठ (पूर्णागिरी धाम) के ग्राम प्रधान पंडित पंकज तिवारी ने मांग की है। इसे लेकर पिछले दिनों जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया गया। कहा कि इस रोड के बनने से न केवल लोगों को सड़क सुविधा मिलेगी, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन रुकने में भी मदद मिलेगी।
प्रधान तिवारी ने कहा कि वर्तमान में पूर्णागिरि धाम आने वाले ( 30 लाख से अधिक सालाना) श्रद्धालुओं की आवाजाही का अकेला रूट टनकपुर- ककरालीगेट ठुलीगाड़ है, मगर इस रोड के बनने से धाम के लिए वैकल्पिक मार्ग भी बन सकेगा।
यह रिंग रोड गांवों को रोड कनेक्टिविटी की सुविधा देने के साथ पर्यटन एवं रिवर्स पलायन में भी मददगार होगी। जिससे सैलानियों को नए पर्यटन स्थल (श्यामलाताल,सूखीढांग,कोट केंद्री, सिद्धमणि आदि) से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।
प्रधान ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा 3 दिसंबर 2024 को की गई घोषणा की डीपी बनने के बाद भी अभी तक काम शुरू नहीं हो सका है। लिहाजा जल्द से जल्द रोड का काम शुरू कराया जाए,ताकि क्षेत्र को बहुआयामी लाभ मिल सके।
क्या कहते हैं अधिकारी:
रोड की सर्वे का काम पूरा करा लिया गया है। समरेखन स्वीकृति के लिए शासन को भेजा गया है। संयुक्त सर्वे प्रस्तावित है। जल्द से जल्द सभी प्रक्रिया पूरी होने एवं मंजूरी मिलने पर इस सड़क का काम शुरू करा दिया जाएगा।
हितेश कांडपाल,
अधिशासी अभियंता,
लोनिवि, चंपावत।
