टनकपुर/चंपावत। गत दिवस बोर्ड बैठक के दौरान सभासद व पालिका कर्मी के बीच उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। नगर पालिका में आज 3 अक्टूबर को दूसरे दिन भी कर्मचारियों का धरना जारी है।
गत दिवस पालिका बोर्ड की बैठक के दौरान एक सभासद द्वारा कथित रूप से हंगामा कर अभद्रता करने को लेकर पालिका कर्मचारियों नाराजगी है। धरने के कारण आज दूसरे दिन 3 नवंबर मंगलवार की सुबह से दोपहर खबर लिखे जाने तक पालिका में रोजमर्रा का कामकाज बाधित हुआ है। गौरतलब है कि मामले में पालिका के ईओ (अधिशासी अधिकारी) ऋषभ उनियाल ने गत 2 नवंबर देर शाम पालिका वार्ड संख्या 7 के सभासद चर्चित शर्मा के हंगामे के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी थी। वहीं मामले को बातचीत से सुलझाने के लिए भी प्रयास जारी हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक गतिरोध थम नहीं सका है।
टनकपुर नगर पालिका बोर्ड बैठक के दौरान 2 नवंबर को वार्ड नंबर 7 के सभासद चर्चित शर्मा पर हंगामा काटने, सभाकक्ष के माइक,कुर्सी और पत्रावली फेंकने के अलावा वरिष्ठ सहायक विनोद चंद्र बिष्ट से अभद्रता करने का भी आरोप लगा है । बवाल के बाद न सिर्फ बैठक स्थगित हुई बल्कि पालिका परिसर में माहौल भी खासा तनावपूर्ण हो गया। पालिका कर्मियों ने सभासद की अभद्रता के विरोध में कल शाम को भी तालाबंदी कर धरना दिया था। वहीं आज 3 नवंबर को भी विरोध जारी रहा। पालिका कर्मियों का अभद्रता के विरोध में कार्य बहिष्कार जारी है। साथ ही इस बावत कर्मचारियों ने पालिका अध्यक्ष एवं ईओ को बकायदा पत्र भी भेजा है। कार्य बहिष्कार से पालिका का रोजमर्रा का कामकाज बाधित हुआ है। वहीं मामले को वार्ता के जरिए सुलझाने के भी प्रयास जारी हैं।
उक्त मामले को लेकर सभासद चचिर्त शर्मा द्वारा आरोपों को सिरे से नकारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि बोर्ड बैठक के दौरान उन्होंने किसी से न अभद्रता की है, और नहीं कोई तोडफ़ोड़। सभासद ने कहा कि बोर्ड बैठक के दौरान उनके ऊपर अनावश्यक की जा रही टोकाटाकी से आहत होकर उन्होंने हाथ के कागज फेंकने के साथ बैठक का बर्हिगमन किया था। सभासद चर्चित शर्मा का कहना है कि उन्होंने बोर्ड की मर्यादा के विरुद्ध ऐसा कोई कार्य नहीं किया है, उन्होंने कहा मामले को तूल लिपिक विनोद चंद्र विष्ट द्वारा दिया गया है। कहा कि हैरानी की बात है कि एक लिपिक ईओ और चेयरमेन से बढ़ कर हो गया,जो निर्वाचित जनप्रतिनिधि के लिए पुलिस बुलाने का कार्य कर रहा था. उन्होंने दो टूक कहा कि अगर बोर्ड की बैठक में मेरे शब्दों से किसी को भी ठेस पहुंची है तो मुझे खेद व्यक्त करने में कोई दिक्क़त नहीं है। लेकिन व्यक्तिगत तौर पर मैं व्यक्ति विशेष से माफ़ी नहीं मांग सकता।
पालिका के ईओ को सौंपे गए शिकायती पत्र में वरिष्ठ लिपिक बसंतराज चंद, हरी दत्त पंत, हेमंत पाण्डे, प्रिया बिष्ट, पूरन लाल शाह, अजय सजवान, शकुन सक्सेना, अनुराधा यादव, प्रकाश सिंह नेगी, प्रमोद प्रकाश और मनोहर के हस्ताक्षर मौजूद है।
नगरपालिका भवन के बाहर धरने पर बैठे कर्मचारी।
