टनकपुर/चंपावत। नगर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था और सौंदर्यीकरण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को लेकर आज सोमवार को आयोजित नगर पालिका परिषद टनकपुर की बोर्ड बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। इस दौरान हालांकि कई प्रस्ताव पारित किए गए परन्तु नेहरू पार्क क्षेत्र में एक कैंटीन आवंटन को लेकर पालिका वार्ड सं.7 के सभासद चर्चित शर्मा द्वारा कथित तौर पर क्षेत्र के एक वरिष्ठ नागरिक को आवंटन की बात कही गई जिस पर पालिका के लिपिक विनोद बिष्ट द्वारा प्रस्ताव दर्ज करने में अनावश्यक रूप से गैरजरूरी हस्तक्षेप किया गया जिससे विवाद बढ़ा और नौबत तालाबंदी तक आ गई। देखते ही देखते मामला कोतवाली की चौखट पर पहुंच चुका है।
बोर्ड बैठक में जहां नगर की सफाई, सौंदर्यीकरण आदि प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। वहीं,नेहरू पार्क स्थित कैंटीन को नीलामी के माध्यम से किराये पर दिए जाने के प्रस्ताव को लेकर विवाद खड़ा हो गया। पालिका सभागार में अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल के संचालन में आयोजित बैठक में क्रेशर रोड स्थित डंपिंग जोन में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली - 2026 के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं करने और संयंत्र स्थापित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके साथ ही शास्त्री पार्क के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण, नगर के चिन्हित स्थानों पर फैंसी पोल लगाने तथा गीले, सूखे, घरेलू हानिकारक और सैनिटरी कचरे के पृथक्करण के लिए चार प्रकार के डस्टबिन खरीदकर वितरित करने पर सहमति बनी। इसके अलावा दीपावली के मद्देनजर मुख्य बाजार में कलर लाइट और ध्वनि विस्तारक यंत्र लगाने, गेट मार्केट के दोनों गेटों एवं गांधी मैदान के गेट को सजाने, तुलसीराम चौराहे का सौंदर्यीकरण करने तथा प्रमुख मार्गों पर तिरंगा लाइट लगाने के प्रस्ताव भी पारित किए गए।
कैंटीन की नीलामी को लेकर विवाद, बैठक में हुआ हंगामाबैठक के दौरान नेहरू पार्क स्थित कैंटीन के समीप बनी दीवार को हटाकर रास्ता बनाने और कैंटीन को नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से निजी संस्था को किराये पर देने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसी मुद्दे पर विवाद शुरू हो गया।
............
पालिका लिपिक के अनावश्यक हस्तक्षेप से सभासद हुए नाराज,कथित तौर पर हंगामा कर बैठक का किया बहिष्कार,पालिका ईओ ने कोतवाली में तहरीर सौंप सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का लगाया आरोप,सभासद ने आरोपों से किया इनकार
टनकपुर/चंपावत। नगरपालिका टनकपुर के वार्ड संख्या सात के सभासद चर्चित शर्मा पर बोर्ड बैठक के दौरान हंगामा करने का आरोप लगा है। बवाल इस कदर हुआ कि पालिका के कर्मचारियों ने विरोध में तालाबंदी की और बाद में कुछ देर धरना दिया। वहीं पालिका ईओ ऋषभ उनियाल ने कोतवाली में तहरीर भी दी है। अलबत्ता अभी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल ने बताया कि आज 2 नवंबर को नगर पालिका बोर्ड बैठक के दौरान वार्ड नंबर 7 के सभासद चर्चित शर्मा ने हंगामा काटा। आरोप है कि पालिका सभाकक्ष के माइक, कुर्सी और पत्रावली फेंकी। साथ ही वरिष्ठ सहायक विनोद चंद्र बिष्ट से अभद्रता करने का भी आरोप लगाया। इस बवाल के बाद अपरान्ह करीब 3 बजे बोर्ड बैठक भी स्थगित हो गई। इतना ही नहीं पालिका कर्मियों ने सभासद की अभद्रता के विरोध में तालाबंदी की एवं धरना दिया। कहा कि जब तक सभासद अपने बर्ताव के लिए खेद नहीं जताएंगे, तब तक कार्य बहिष्कार करेंगे।
आरोप झूठे व मनगढ़ंतः सभासद चर्चित शर्मा
टनकपुर। पालिका संभासद चर्चित शर्मा ने अधिशासी अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा उन पर लगाए आरोपों को सिरे से नकारते हुए झूठे और मनगढ़ंत कहा है। कहा कि उन्होंने न कोई अभद्रता की है, और नहीं कोई तोड़फोड़। बोर्ड बैठक के दौरान एक प्रस्ताव पर वे अपनी बात कह रहे थे। इसी दौरान एक कर्मी द्वारा की गई टोकाटाकी से आहत हो उन्होंने कागज फेंके और बैठक का बहिष्कार कर बाहर आ गए।
बैठक में निम्न सभासद व कर्मचारी रहे मौजूदः
बैठक में सभासद दिनेश कुमार, हसीब अहमद, दिलदार अली, वकील अहमद, वर्षा शर्मा, सब्या बाल्मीकि, चर्चित शर्मा, आशा भट्ट, बबीता वर्मा, शैलेन्द्र सिंह, सविता बिष्ट, नामित सदस्य रीता कलखुड़िया, निगम गुप्ता, मुकेश साहू, धर्मपाल आर्य सहित पालिका के वरिष्ठ सहायक विनोद चंद्र बिष्ट, सहायक लेखाकार अजय सजवाण और वरिष्ठ लिपिक बसंत राज चंद उपस्थित रहे।
नगरपालिका बोर्ड बैठक में मौजूद अध्यक्ष,सभासद व अन्य,पालिका भवन में तालाबंदी कर बैठे कर्मचारी।
