टनकपुर/चंपावत। पिछले दिन जंगल में पशुओं का चारा लेने के दौरान हाथी के हमले में मारी गई खटीमा निवासी 55 वर्षीय महिला देवकी देवी के स्वजन को वन विभाग की ओर से फौरी तौर पर तीन लाख रुपये की मुआवजा राशि का चेक सौंपा गया।
शारदा रेंज के डीएफओ उमेश तिवारी ने मृतका के पति जवाहर सिंह को 3 लाख रुपये की धनराशि का चेक प्रदान किया। श्रीपुर बिछुआ, खटीमा निवासी देवकी देवी शुक्रवार को अपने बेटे और ग्रामीणों के साथ हल्द्वानी वन प्रभाग की शारदा रेंज के सेनापानी जुबलीगंज बीट के कंपार्टमेंट संख्या दो में चारा लेने गई थीं। इसी दौरान जंगल में अचानक हाथी ने हमला कर उसे माैत के घाट उतार दिया। टनकपुर पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करने के बाद शव स्वजन को सौंप दिया। जिसके बाद वन विभाग ने तीन लाख रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की है। डीएफओ उमेश तिवारी ने बताया कि अभी तीन लाख रुपये का चेक दिया गया है। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद मृतका के परिजनों को सात लाख रुपये की धनराशि और दी जाएगी।
मृतका के पति को राहत राशि का चैक सौंपते डीएफओ।
