टनकपुर/बनबसा/चंपावत। गत 30 अक्टूबर को टनकपुर के शारदा रेंज अंतर्गत सेनापानी के जंगल में एक हाथी ने एक महिला को कुचल कर मार डाला था। महिला चारा और मशरूम लेने के हेतु जंगल जाना बताया गया। महिला के साथ गए उनका बेटा भी किसी तरह हाथी के चंगुल से बच जान बचा सका। टनकपुर उप जिला अस्पताल में महिला का पोस्टमार्टम हुआ जहां पहुंच खटीमा के विधायक भुवन कापड़ी ने आज 31 अक्टूबर को मृतका के पति जवाहर सिंह और परिजनों को ढांढस बंधाया। प्रभागीय वनाधिकारी उमेश तिवारी द्वारा घटना स्थल का मुआयना किया गया।
हल्द्वानी वन प्रभाग के टनकपुर शारदा रेंज अंतर्गत आने वाले सेनापानी पूर्वी जुबलीगंज कक्ष संख्या 1 क्षेत्र में 30 अक्टूबर की शाम मवेशियों के लिए आसपास के गांव की कई महिलाएं चारा लेने गई थीं। इसी दौरान उस स्थान से गुजर रहे एक हाथी महिलाओं के पीछे भागा। इसी बीच हाथी ने श्रीपुर बिछुआ गांव खटीमा निवासी देवकी देवी (55) पत्नी जवाहर सिंह पर हमला कर महिला को बुरी तरह पटक कर जान से मार डाला। इस बीच साथ गए बेटे कन्हैया ने अपनी मां देवकी देवी को बचाने के लिए हाथी को भगाने की कोशिश की,मगर हाथी उस पर भी हमलावर हो दौड़ा। कन्हैया किसी तरह जान बचाकर वहां से भागा और वन विभाग को जानकारी दी।
जानकारी मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी मेधा सिंह, डिप्टी रेंजर संतोष भंडारी सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
बनबसा की पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए टनकपुर उप जिला अस्पताल पहुंचाया। 31 अक्टूूबर की पूर्वान्ह अस्पताल में डॉ. आफताब आलम ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा।
वन विभाग की एहतियात बरतने कीअपील:
टनकपुर/चंपावत। इस घटना से देवकी देवी के परिवार में कोहराम मच गया। पूरा क्षेत्र गमगीन है। वहीं इलाके में भी हाथी के हमले के चलते खौफ छाया है। वन विभाग ने
ग्रामीणों से एहतियात बरतने के साथ जंगल जाने से बचने की अपील की है।
मृतका देवकी देवी (फाइल फोटो)
