टनकपुर/चंपावत/खटीमा। हल्द्वानी वन प्रभाग के शारदा रेन्ज के जंगल में मवेशियों के लिए चारा लेने गई 55 वर्षीय महिला को हाथी ने हमला कर बुरी तरह कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई, जबकि परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्राम श्रीपुर बिछुआ,खटीमा निवासी देवकी देवी (55) पत्नी जवाहर सिंह शुक्रवार को अपने 20 वर्षीय बेटे और अन्य ग्रामीणों के साथ हल्द्वानी वन प्रभाग की शारदा रेंज के सेनापानी जुबलीगंज बीट के कंपार्टमेंट संख्या दो में चारा लेने गई थीं। इसी दौरान अचानक सामने आए हाथी ने लोगों पर हमला कर दिया। हाथी को आक्रामक देख साथ गए ग्रामीण और परिजन जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे,इस बीच हाथी की चपेट में आई देवकी देवी को हाथी ने कुचल मौत के घाट उतार दिया।
घटना की सूचना चकरपुर पुलिस चौकी को दी गई। इसके बाद शारदा रेंज की एसडीओ शालिनी जोशी, वन क्षेत्राधिकारी मेधा सिंह समेत वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना से क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
