टनकपुर/पूर्णागिरि/चंपावत। सुप्रसिद्ध मां श्री पूर्णागिरि मंदिर समिति के नव निर्वाचित अध्यक्ष पंडित भुवन चंद्र पांडेय ने चुनाव जीतने के ठीक एक दिन बाद देवी के दर्शन किए। यहां उन्होंने कहा कि मां पूर्णागिरि मंदिर को मूल ढांचे से किसी तरह की छेड़छाड़ के बगैर भव्य रूप दिया जाएगा।
चुनाव में निर्वाचित होने के एक दिन बाद आज बुधवार 28 अक्टूबर को देवी दर्शन करने के बाद उन्होंने कहा कि देवी का मुख्य मंदिर का ऊपरी ढांचा काफी पुराना है, इसकी मरम्मत जरूरी है। मंदिर समिति उस दिशा में प्राथमिकता से काम करेगी। इससे पूर्व मंदिर समिति के कार्यालय में उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर
नव निर्वाचित अध्यक्ष ने कहा कि तीर्थ यात्रियों के लिए बेहतर व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं की भावना का पूरा ध्यान रखा जाएगा। भीड़ नियंत्रण और मेला क्षेत्र की सुरक्षा एवं तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
मन्दिर समिति अध्यक्ष पण्डित भुवन पाण्डेय ने कहा कि मेला क्षेत्र के लिए बेहतर पेयजल व्यवस्था और पंपिंग योजना के कार्य को तेजी से कराने का प्रयास होगा। सफाई,पर्यावरण सुरक्षा,यातायात व्यवस्था आदि को कारगर रूप दिया जाएगा। अध्यक्ष ने कहा कि मंदिर समिति पूर्णागिरि धाम को भव्य रूप देने के साथ ही मन्दिर की व्यवस्था को संवारने के लिए शीघ्र मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट करेगी।
..........
चुनाव नतीजे सिर- माथे : पूर्वं अध्यक्ष पण्डित किशन तिवारी
टनकपुर/पूर्णागिरि। मां श्री पूर्णागिरि मंदिर समिति के निवर्तमान अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने समिति चुनाव में वोटरों के निर्णय को शिरोधार्य किया है। गौरतलब है कि पण्डित तिवारी 15 सालों समिति के अध्यक्ष रह चुके हैं। पण्डित तिवारी ने कहा कि लोगों का फैसला शिरोधार्य है। उन्होंने कहा कि धाम की बेहतरी के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने नव निर्वाचित अध्यक्ष सहित तमाम विजयी प्रत्याशियों को बधाई भी दी है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों का स्वागत करते पूर्णागिरि पुजारी।
