टनकपुर/चंपावत। एक बार फिर बनबसा स्थित भारत- नेपाल सीमा पर चेकिंग के दौरान पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने एक स्मैक तस्कर को दबोचा। पकड़ा गया आरोपी पूर्व में गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित है जिस पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। पुलिस ने आरोपी को 18.08 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी बनबसा में एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं इसके अलावा मुंबई में भी उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज होने की जानकारी मिली है।
आज रविवार 24 अक्टूबर को बनबसा पुलिस वएसओजी चम्पावत की टीम द्वारा नेपाल सीमा पर पिलर संख्या 805/01 के निकट जंगल में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान टीम ने गैंगस्टर एक्ट की धारा 2/3 के तहत वांछित और पांच हजार रुपये के इनामी राहुल कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके कब्जे से 18.08 ग्राम स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल कुमार पुत्र स्वर्गीय गणेश लाल, निवासी ग्राम पम्पापुर, थाना बनबसा, जनपद चम्पावत के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ बनबसा थाने में पूर्व से ही एनडीपीएस एक्ट के दो और गैंगस्टर एक्ट का एक मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा मुंबई में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत एक अभियोग पंजीकृत होने की जानकारी सामने आई है। पूछताछ के दौरान राहुल कुमार ने नेपाल के झलारी-महेंद्रनगर निवासी रवि बासा के साथ स्मैक के कारोबार में संलिप्त होने की बात बताई। आरोपी ने बताया कि बरामद स्मैक उसे नानकमत्ता निवासी एक व्यक्ति से मिली थी और वह इसे लेकर नेपाल लौट रहा था।
पुलिस गिरफ्त में स्मैक तस्कर।
