टनकपुर/चंपावत। शनिवार सुबह शहर से लगी बंगाली कॉलोनी स्थित सालवनी के जंगल से एक मजदूर का शव संदिग्ध अवस्था मे बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक मृतक व्यक्ति 7 दिन से गुमशुदा था। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यद्यपि मौत की वजह का पता नहीं चल सका है, लेकिन शव के पास सल्फास की डिब्बी मिलने से जहर खाने से मौत का अंदेशा जताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस की जांच के बाद ही मौत के असल कारण का पता चल सकेगा।
टनकपुर नगरपालिका वार्ड बंगाली कालौनी निवासी मजदूरी करने वाले वेदपाल(45)पुत्र सोहनलाल (मूल रूप से पीलीभीत जिला निवासी) 18 अक्टूबर से घर से लापता था।परिजनों की तहरीर पर टनकपुर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज हुई थी। आज 24 अक्टूबर की सुबह वेदपाल का शव घर से करीब 100 मीटर दूर सालवनी के जंगल के पास बरामद हुआ। कोतवाल चेतन रावत ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने भी मौका मुआयना कर साक्ष्य का संग्रह किया है। वहीं पुलिस को शव से कुछ दूरी पर सल्फास की डिब्बी भी बरामद हुई है। इससे प्रथमदृष्ट्या जहर खाने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। अलबत्ता पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच के बाद ही मौत की असल वजह का पता चल सकेगा। मृतक के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा होना बताया गया है।
जंगल में बरामद शव के निकट खोजबीन में जुटी पुलिस।
