टनकपुर/चंपावत। विधानसभा चंपावत के खटोली मोटर मार्ग के निर्माण में मनमानी का आरोप लगाया गया है।आरोप है कि कटिंग में सर्वे मार्किंग के बिना ही रोड काट दी गई है। खटोली के ग्रामीण कमल सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों में कार्यदाई संस्था मण्डी समिति द्वारा अपने फायदे के लिए कृषि योग्य जमीन में जबरन बैंड दे दिए गए हैं। जिसके चलते ग्रामीण को खासा नुकसान हो रहा है। आरोपों को लेकर कमल सिंह द्वारा जिलाधिकारी के साथ ही मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में शिकायत दर्ज करा मामले की निष्पक्ष जांच कर रोड की सही गुणवत्ता और नुकसान की भरपाई की मांग भी की गई है।
गौरतलब है कि चंपावत के ग्राम खटोली मोटर मार्ग से भगवती मेला स्थल तक 1.800 किलोमीटर रोड का इसी वर्ष मार्च माह से निर्माण शुरू कराया गया। रोड निर्माण की कार्यदाई संस्था मंडी समिति द्वारा ग्रामीणों की अनापत्ति भी ली गई । यहां तक तो सबकुछ ठीक रहा। इधर निर्माण शुरू होने के कुछ माह बाद ग्रामीणों का आरोप है कि काम शुरू होने के कुछ समय बाद ही पोकलैंड मशीन को निकालने के लिए 5 बार मिट्टी और बड़े-बड़े बोल्डरों को भर दिया गया। इससे खेतों को भारी नुकसान होने के साथ ही सुरक्षा को भी खतरा पैदा हो रहा है।इसके अलावा सर्वे मार्किंग और ग्रेडिंग के बिना रोड काटने,रोड में जरूरत से ज्यादा बैंड दिए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
मानकों के अनुसार नहीं बन रही सड़कःकमल सिंह
टनकपुर। शिकायतकर्ता खटोली के ग्रामीण कमल सिंह का कहना है कि उनके पिता ने सड़क निर्माण हेतु अनापत्ति जरूर दी थी। जिसके तहत उनके खेत से एक जगह से ही रोड काटने को इजाजत दी गई थी,न कि बैंड काट कर खेतों को नष्ट करने की अनापत्ति नहीं दी गई थी। आरोप है कि मंडी समिति ने चट्टान काटने के बजाय रोड कटिंग में जगह - जगह बैंड देकर उनकी कृषि योग्य जमीन को बर्बाद कर दिया है। इस दौरान भारी-भरकम पत्थर उनके खेत में डाल दिए गए हैं। इससे खेत अब खेती लायक नहीं रह गए हैं। साथ ही सर्वे मैपिंग नहीं हुई। रोड भी मानक के अनुरूप नहीं बन रही है। मेरी मांग नुकसान और रोड के एलाइमेंट व गुणवत्ता की जांच की है। मामले में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने नियमानुसार कारवाई का भरोसा दिया है।
सर्वे के अनुसार ही हो रही रोड कटिंगःअवर अभियंता
टनकपुर। मामले को लेकर मंडी समिति के अवर अभियंता पंकज टम्टा का कहना है कि शिकायतकर्ता कमल सिंह के पिता द्वारा रोड निर्माण हेतु अनापत्ति दी गई थी। उनके अलावा गांव के अन्य लोगों ने भी अनापत्ति दी थी। टम्टा का कहना है कि सड़क का सर्वे हुआ है और सर्वे के हिसाब से ही रोड काटी जा रही है। एक स्थान पर चट्टान आने से समरेखन बदला गया। इस वजह से उनके कुछ खेत कटे हैं। खेत के पत्थर को निकालने के साथ सुरक्षा को लेकर दीवार बना दी जाएगी। उन्होंने सड़क की गुणवत्ता में खराबी या
समरेखन के आरोपों को खारिज किया है। टम्टा का कहना है कि अभी निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने मंडी के 25 लाख रुपये के दोनों प्रोजेक्ट का काम मार्च 2027 तक पूरा करा लिए जाने का दावा भी किया है।
चंपावत के खटोली में काटी जा रही सड़क।
