टनकपुर/बनबसा/चंपावत। जनपद चंपावत के प्रवेश द्वार बनबसा की हुड्डी नदी में कपड़े धोने गई एक महिला नदी में डूब गई। महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले महिला ने दम तोड़ दिया।
परिजनों के मुताबिक सरिता (28) पुत्री रोशन राम निवासी पचपकरिया बनबसा 21 अक्टूबर को कपड़े धोने के लिए हुड्डी नदी गई थी। कुछ दूरी पर परिवार के ही कुछ अन्य लोग भी काम कर रहे थे। महिला के भाई समीर ने बताया कि इसी दौरान कपड़े धोते-धोते सरिता का एकाएक संतुलन बिगड़ा और वह नदी में डूब गई।जब तक आसपास के लोगों को पता चलता, वह अचेत हो चुकी थी। सरिता को आनन-फानन में टनकपुर उप जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उ्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ.मो.उमर ने सरिता को मृत घोषित किया। आज गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
