टनकपुर/चंपावत। आज बुधवार की शाम टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच (राष्ट्रीय राजमार्ग) पर चल्थी से टनकपुर की ओर आ रहा एक डंपर खाई में लुढ़क गया। दुर्घटना में डंपर चालक चोटिल हो गया। वाहन में कोई अन्य सवारी नहीं थी। जख्मी चालक को टनकपुर उप जिला अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के बाद फिलहाल हालत में सुधार है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक एनएच पर टनकपुर से करीब 15 किलोमीटर दूर अमरूबैंड के निकट चल्थी से आरबीएम लेकर टनकपुर जा रहा डंपर (यूके 05 सीए/ 1619) एकाएक खाई में लुढ़क गया। डम्पर में केवल चालक नारायण सिंह (४2) पुत्र भूप सिंह निवासी बेलखेत ही था जो दुर्घटना में वाहन से छिटक गया। अलबत्ता चालक के कमर, हाथ-पांव और घुटने में कई
जगह चोटें लगी हैं। डम्पर के गहरी खाई में लुढ़कना बताया गया है। घायल डम्पर चालक को टनकपुर उप जिला अस्पताल लाया गया। इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. मोहम्मद उमर के मुताबिक चालक नारायण सिंह की स्थिति में सुधार है। चालक के मुताबिक अमरूबैंड के पास डम्पर का प्रेशर पाइप फटने से हादसा हुआ।
टनकपुर अस्पताल में इलाज हेतु भर्ती दुर्घटना में घायल चालक।
