टनकपुर/चंपावत। सोमवार दोपहर एक बार फिर यहां मार्ग दुर्घटना हुई। टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच (राष्ट्रीय राजमार्ग) पर आ रही एक कार अचानक मार्ग पर आए हिरण से टकरा गई। हिरण से टकराने के बाद कार सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गई। उक्त दुर्घटना में कार चालक घायल हो गया। घायल को टनकपुर उप जिला अस्पताल ले जाया गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर टनकपुर से करीब 5 किलोमीटर पहले किरोड़ा क्षेत्र के पास एकाएक एक हिरण जंगल से रोड पर आ गया। कार की चपेट में आने से हिरण की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हिरण से टकराई कार बिजली खंभे से जा टकराई। दुर्घटना में कार चालक अशफाक अली (48) निवासी मकान नंबर 891 नियर वॉटर टैंक पगोड़ा साहिबाबाद गाजियाबाद उत्तर प्रदेश घायल हो गए। घायल कोआपात चिकित्सा सेवा 108 की एंबुलेंस से टनकपुर उप जिला अस्पताल ले जाया गया। घायल अशफाक के बाएं कंधे में चोट है। घायल के उपचार के बाद हालत में सुधार बताया गया। वहीं दुर्घटना में मृत हिरण के शव को पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय लाया गया है।
