टनकपुर/चंपावत। टनकपुर नगरपालिका से लगी ग्राम सभा मोहनपुर में प्रस्तावित गैस प्लांट लगाए जाने का विरोध तेज हो गया है। सोमवार को ग्रामीणों ने आबादी क्षेत्र में गैस प्लांट लगाए जाने के विरोध में ग्राम प्रधान राधिका चंद के नेतृत्व में एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन कर जनहित में उक्त प्लांट को निरस्त करने की मांग उठाई है। इस दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि आबादी क्षेत्र में गैस प्लांट स्थापित करने की कोशिश की गई तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
गौरतलब है कि उक्त प्रस्तावित गैस प्लांट आबादी क्षेत्र में न लगाए जाने को लेकर पूर्व में भी ग्रामीणों द्वारा तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था। ग्रामीणों का कहना है कि घनी आबादी के बीच गैस प्लांट स्थापित हो जाने से क्षेत्र की सुरक्षा और पर्यावरण पर गंभीर खतरा हो सकता है। इसी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। विरोध प्रदर्शन में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, जिला पंचायत सदस्यों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों (बीडीसी) सहित आसपास के गांवों के लोगों ने भी समर्थन दिया।
प्रदर्शन की सूचना पर तहसीलदार टनकपुर पिंकी आर्या और पटवारी मौके पर पहुंचे।तहसीलदार द्वारा आन्दोलनरत ग्रामीणों की बातों को सुना। इस दौरान ग्रामीणों का साफ कहना था कि आबादी वाले क्षेत्र में गैस प्लांट लगाए जाने का विरोध करते रहेंगे। ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र की दर्जा धारी हेमा जोशी को भी इस बावत ज्ञापन सौंपा गया साथ ही ऐसे किसी भी प्रयास का सड़कों पर उतर कर भी विरोध करने की चेतावनी दी गई है।
तहसीलदार से वार्ता कर दर्जा धारी हेमा जोशी को भी ज्ञापन सौंपते ग्रामीण।
