टनकपुर/चंपावत। पूर्व विधायक एवं कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष हेमेश खर्कवाल ने जिलाधिकारी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए प्रशासन पर राजनीतिक पक्षपात के आरोप लगाए हैं। शनिवार को जिला मुख्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि डीएम भाजपा के जिलाध्यक्ष और गोविंद सामंत कार्यकारी जिलाध्यक्ष की भूमिका निभा रहे हैं।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक खर्कवाल ने आरोप लगाया कि जिले में कई स्थानों पर वन स्वीकृति के बिना सड़क कटिंग कराई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रशासन की मिलीभगत से रातोंरात 10 से 15 लाख रुपये खर्च कर सड़कें काटी जा रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एक किलोमीटर सड़क निर्माण पर करीब 60 लाख रुपये तक खर्च होते हैं, तो आवश्यक स्वीकृतियों के बिना सड़क कटिंग किस आधार पर कराई जा रही है? कांग्रेस नेता ने संबंधित सड़क निर्माण कार्यों की प्रशासनिक एवं वन स्वीकृतियों, खर्च और कार्यदायी संस्थाओं से जुड़ा विवरण सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में नियमों का पालन और सरकारी धन के उपयोग में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
पूर्व विधायक ने प्रशासन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दवाब बनाने का लगाया आरोपः
पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने चंपावत प्रशासन पर आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर भाजपा के पक्ष में आने और मुख्यमंत्री के समर्थन में काम करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों की जिम्मेदारी निष्पक्ष रहकर कानून के अनुसार काम करना है। अधिकारियों को किसी राजनीतिक दल के पक्ष में काम करने के बजाय जनता की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों के निष्पक्ष क्रियान्वयन पर ध्यान देना चाहिए।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य-गिरधारी लाल साहू प्रकरण में सरकार पर बोले हमलेः
टनकपुर/चंपावत। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू प्रकरण पर प्रदेश की धामी सरकार पर निशाना साधा है। चंपावत के नंदा होटल में 17 अक्टूबर को पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाएं तो दूर खुद महिला मंत्री भी सुरक्षित नहीं हैं। महिला मंत्री को सुरक्षा के लिए खुद थाने की शरण लेनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि मंत्री के पति द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोप बेहद गंभीर है। मामले मे मंत्री और उनके पति के आरोप-प्रत्यारोप से यह साफ है कि कोई एक मंत्री नहीं, पूरी सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है। कहा कि भ्रष्टाचार रोकने के कदम तो नहीं उठा रही है, बल्कि भ्रष्टाचार पर आंखें मूंदी है। खर्कवाल ने कहा कि सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी है। कांग्रेस नेता खर्कवाल ने कहा कि 10 साल पूर्व हरीश रावत सरकार ने राज्य में लोकायुक्त के गठन का प्रस्ताव भेजा था, लेकिन अब तक लोकायुक्त की तैनाती नहीं होना भाजपा सरकार की मंशा को दर्शाता है।
खर्कवाल ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल पहले ही कह चुके हैं कि कांग्रेस सरकार बनने पर 1 माह के भीतर अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी के नाम का खुलासा कर दिया जाएगा। खर्कवाल ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार की नाकामी के चलते जनता उसे उखाड़ फेकेंगी।
पूर्व विधायक के इन आरोपों के बाद जिले में प्रशासनिक निष्पक्षता,विकास कार्यों की प्रक्रिया और सरकारी धन के इस्तेमाल को लेकर जवाबदेही का मुद्दा उठाने पर जिले भर में राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म हो उठा है। पत्रकार वार्ता के दौरान युवक कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद बड़ेला, पूर्व ग्राम प्रधान विपिन जोशी, लवली शर्मा, नानू बोहरा सहित अनेक पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।
चंपावत कार्यालय में पत्रकार वार्ता करते पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल।
